Summer express/बिलासपुर, सुभाष-: जिला बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई का हिमाचल प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक के निदेशक सुनील शर्मा ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाना समय की जरूरत है। पुलिस की सक्रियता से नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
सुनील शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ा रही है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम जनता का सहयोग भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे।उन्होंने प्रदेश के युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे नशे से दूर रहें और अपनी ऊर्जा खेलकूद, शिक्षा तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं।सुनील शर्मा ने कहा कि युवा किसी भी प्रदेश और देश की असली ताकत होते हैं। युवाओं को सही दिशा और बेहतर अवसर मिलें, तो वे अपने परिवार के साथ-साथ समाज और प्रदेश की तरक्की में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशामुक्त हिमाचल के निर्माण के लिए पुलिस की कार्रवाई के साथ जनभागीदारी और युवाओं में जागरूकता बढ़ाना भी आवश्यक है।उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ अभियान में अपना सहयोग दें और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें।