Summer express, बरवाला। हरियाणा के हिसार जिले के गांव गैबीपुर में सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जलघर की डिग्गी में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका छोटा बेटा बच गया। मृतकों की पहचान गांव निवासी 32 वर्षीय राजकुमार उर्फ गोलू और उसकी 30 वर्षीय पत्नी सुनीता के रूप में हुई है। सुनीता सात माह की गर्भवती थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजकुमार मजदूरी करता था और पति-पत्नी के बीच काफी समय से घरेलू मनमुटाव चल रहा था। सुबह सुनीता अपने ढाई से तीन साल के बेटे के साथ मायके गांव सुलखनी जाने के लिए घर से निकली थी। गांव का जलघर उनके घर के नजदीक ही स्थित है। बताया जा रहा है कि सुनीता जलघर की डिग्गी के पास पहुंची और बेटे के साथ पानी में छलांग लगा दी। पत्नी और बच्चे को डूबते देख राजकुमार भी उन्हें बचाने के लिए टैंक में कूद गया।
घटना के दौरान शोर सुनकर नजदीक स्थित रामलीला ग्राउंड में मौजूद दो युवक मौके पर पहुंचे। तैरना जानने वाले युवकों ने डिग्गी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने बच्चे और राजकुमार को पानी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन राजकुमार की जान नहीं बचाई जा सकी। शुरुआत में सुनीता का पता नहीं चल पाया। बाद में बचाव कार्य में जुटे लोगों ने टायर की मदद से उसे भी डिग्गी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर दमकल विभाग की गाड़ी, एंबुलेंस और ग्रामीण मौजूद रहे। जांच अधिकारी एएसआई फलेल सिंह ने बताया कि पुलिस को जलघर के टैंक में एक महिला, एक बच्चे और एक व्यक्ति के डूबने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से मनमुटाव होने की बात सामने आई है। यह भी बताया गया है कि राजकुमार शराब पीता था और सुनीता उसे शराब पीने से रोकती थी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज नहीं किए गए हैं। शनिवार को उनके बयान लिए जाएंगे, जिसके बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।