Summer express, पटियाला। पटियाला जिले के घग्गा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। दोनों की मोटरसाइकिल को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान राजविंदर सिंह और उसके चाचा बलवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मानसा जिले के गांव शेर खां वाला निवासी जगमीत सिंह ने बताया कि 17 अक्टूबर को सुबह करीब 10:35 बजे उसका भाई राजविंदर सिंह अपने चाचा बलवीर सिंह पुत्र सोहन सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर डेरा सच्चा सौदा, देधना के पास जा रहा था।
इसी दौरान एक अज्ञात कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजविंदर सिंह और बलवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है और आरोपी चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।