Summer express, फरीदाबाद (बल्लभगढ़)। बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के रनहेड़ा खेड़ा गांव में सामुदायिक भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में कदम उठाया गया है। नगर निगम के वार्ड नंबर-एक में स्थित इस सामुदायिक भवन के सुंदरीकरण पर 1.28 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विधायक मूलचंद शर्मा ने विकास कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना के तहत भवन को वातानुकूलित बनाया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को विवाह-शादियों और अन्य सामाजिक समारोहों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक मूलचंद शर्मा ने बताया कि वर्ष 2019 में उन्होंने गांव में इस सामुदायिक भवन का निर्माण करवाया था। अब ग्रामीणों की जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इसके नवीनीकरण एवं सुंदरीकरण की योजना तैयार की गई है। इस कार्य को नगर निगम की ओर से पूरा कराया जाएगा। परियोजना के लिए नगर निगम ने बजट को मंजूरी दे दी है।
स्वीकृत बजट के तहत भवन में फर्श की जगह नई टाइल्स लगाई जाएंगी। इसके अलावा भवन को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा। वातानुकूलित व्यवस्था होने से ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में भी सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित करने में सुविधा होगी। इस सामुदायिक भवन का उपयोग गांव के हजारों लोग विभिन्न आयोजनों के लिए कर सकेंगे।
विधायक ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले रनहेड़ा खेड़ा गांव विकास कार्यों के मामले में पिछड़ा हुआ था, लेकिन अब क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि लोगों को अपने गांव में ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर वार्ड नंबर-एक के पार्षद मुकेश डागर भी मौजूद रहे। विधायक ने गांव में हुए अन्य विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि यहां की गलियों को सीमेंटेड बनाया जा चुका है। इसके अलावा स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं और सीवर लाइन बिछाने का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
उन्होंने इन विकास कार्यों का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय शहरी आवास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के नेतृत्व को दिया।