Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। हरियाणा सरकार की ओर से नागरिक अस्पतालों में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था शुरू की जा रही है। इसी कड़ी में अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में भी शुक्रवार से यह सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे मरीजों को पर्ची बनवाने और अन्य निर्धारित शुल्क जमा कराने के लिए खुले पैसे लेकर चलने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही भुगतान के लिए लंबी कतारों में इंतजार करने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।
नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी की प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. पूजा पेंटल ने बताया कि अस्पताल में भुगतान वाले सभी काउंटरों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। मरीज अब अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर आसानी से भुगतान कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अधिकांश स्वास्थ्य सेवाएं निशुल्क उपलब्ध हैं, लेकिन कुछ निर्धारित सेवाओं के लिए शुल्क जमा करना पड़ता है। ऐसे स्थानों पर डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू की गई है, ताकि मरीजों को किसी तरह की असुविधा न हो।
अस्पताल के डॉ. विनय गोयल ने बताया कि इस व्यवस्था से मरीजों और उनके परिजनों को काफी सुविधा मिलेगी। पहले खुले पैसे नहीं होने की स्थिति में भुगतान में देरी होती थी और कई बार लोगों को कतार में अधिक समय तक इंतजार करना पड़ता था। अब क्यूआर कोड के जरिए भुगतान होने से प्रक्रिया आसान और तेज होगी।
अस्पताल के डाटा ऑपरेटर ने भी इस पहल को मरीजों के लिए सुविधाजनक बताया। उन्होंने कहा कि खुले पैसे उपलब्ध नहीं होने के कारण कई बार मरीजों को भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने से इस समस्या का समाधान होगा और काउंटर पर अनावश्यक भीड़ भी कम होगी।
वहीं, अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों ने भी क्यूआर कोड से भुगतान की सुविधा शुरू होने पर खुशी जताई। उनका कहना है कि अब पर्ची बनवाने या निर्धारित शुल्क जमा कराने के लिए खुले पैसों की व्यवस्था करने में समय बर्बाद नहीं होगा। डिजिटल भुगतान से प्रक्रिया सरल होगी और मरीजों को कतारों में कम समय बिताना पड़ेगा।