Summer express, अनुज पांचाल, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस की क्राइम यूनिट सेक्टर-40 ने अवैध हथियारों के साथ दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 पिस्टल, 11 मैगजीन और एक कार बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से करीब 3 लाख रुपये में हथियार खरीदकर लाए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनीपत निवासी दीपक और राहुल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना बजघेड़ा में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, क्राइम यूनिट सेक्टर-40 की टीम ने सेक्टर-112 बजघेड़ा के पास कार्रवाई करते हुए कार सवार दोनों आरोपियों को काबू किया। पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी दीपक वर्ष 2019 से 2025 तक हत्या सहित विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल में बंद रहा था। वह दिसंबर 2025 में उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि जेल से बाहर आने के बाद दीपक ने अपना गिरोह बनाने की योजना बनाई और राहुल को भी अपने साथ शामिल कर लिया। आरोप है कि दोनों पुरानी रंजिश और बदला लेने की नीयत से हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस के मुताबिक, दीपक ने वर्ष 2018 में अपने गांव के सतबीर नामक व्यक्ति की हत्या की थी। इसके अलावा, वर्ष 2015 में अपनी बुआ के बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए भी वह हथियार जुटा रहा था।
एसीपी क्राइम इंदीवर कुमार के अनुसार, आरोपियों ने मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से करीब 3 लाख रुपये में ये हथियार खरीदे थे। पुलिस अब हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी दीपक के खिलाफ गुरुग्राम, सोनीपत, रेवाड़ी और दिल्ली में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और फिरौती के लिए अपहरण सहित आठ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, उस पर द्वारका (दिल्ली) में हुई लूट की एक वारदात के मुख्य आरोपी को हथियार उपलब्ध कराने का भी आरोप है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क और इस मामले में शामिल अन्य लोगों का पता लगाना है।
