Summer express/शिमला/संजू -:हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा के प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस देश में संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ रही है। दिल्ली में कांग्रेस के आंदोलन के बीच शिमला में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती संविधान पर निर्भर करती है। उन्होंने चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों को लेकर चिंता जताई। सीएम ने कहा कि यदि देश में लोकतंत्र नहीं होता तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 18 राज्यों में भाजपा की सरकारें कैसे बनतीं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहते हुए संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखी।
वहीं, वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल की बिडिंग को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार को हर साल 37 करोड़ रुपये राजस्व मिलने का दावा किया। उन्होंने कहा कि अगले 20 वर्षों में इससे करीब एक हजार करोड़ रुपये की आय होगी। सरकार ने कानूनी लड़ाई लड़कर होटल पर अपना अधिकार हासिल किया और 401 करोड़ रुपये प्राप्त किए। मुख्यमंत्री के मुताबिक बिडिंग प्रक्रिया में लीला होटल्स और ओबेरॉय समूह की कंपनी ईआईएच के बीच मुकाबला हुआ। सफल बोलीदाता को प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए पहले 12 करोड़ रुपये जमा करवाने होंगे। इसके बाद ही बोली को अंतिम स्वीकृति दी जाएगी।