भालोड़ी पंचायत में लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीण परेशान
Summer express/चम्बा/ मंजूर पठान-:चम्बा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र की भालोड़ी पंचायत में बिजली की कम वोल्टेज की समस्या ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पंचायत के करीब 10 गांवों के लोग लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि घरों में बिजली होने के बावजूद लोगों को इसका सही लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष इस समस्या को उठाया, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया। वहीं, पंचायत के पूर्व प्रधान और पूर्व उपप्रधान ने सरकार तथा बिजली विभाग से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है।
भालोड़ी पंचायत के पूर्व उपप्रधान लेखराज का कहना है कि पंचायत के 10 गांवों में लो वोल्टेज के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले विभाग की ओर से दो बिजली के खंभों पर एक ट्रांसफार्मर तो स्थापित किया गया, लेकिन इसके बाद विभाग ने इसकी सुध लेना जरूरी नहीं समझा। ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की जाए।
वहीं, भालोड़ी पंचायत के पूर्व प्रधान आयुब खान ने भी बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पंचायत के 10 गांवों में लो वोल्टेज की समस्या लगातार बनी हुई है। ग्रामीण कई बार विभाग से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। उन्होंने बताया कि विभाग ने दो खंभे लगाकर उन पर ट्रांसफार्मर तो स्थापित कर दिया, लेकिन उसे अभी तक चालू नहीं किया गया है। ऐसे में ग्रामीणों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।पूर्व प्रधान आयुब खान ने सरकार और बिजली विभाग से मांग की है कि ट्रांसफार्मर को जल्द चालू किया जाए और पंचायत के सभी प्रभावित गांवों में बिजली की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को इस समस्या से निजात मिल सके।