Summer express/चंबा/ मंजूर पठान- मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चुराह दौरे के दौरान भाजपा विधायक हंसराज पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर की जा रही बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि 15 साल तक विधायक रहने के बावजूद हंसराज ने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए पहले आवाज क्यों नहीं उठाई? उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों पर वीडियो जारी करने से पहले विधायक को अपने कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेता सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं और जनता से मुख्यमंत्री से सवाल पूछने की अपील करते हैं। लेकिन उन्हें भी बताना चाहिए कि इतने वर्षों तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने जनता के हित में क्या काम किए। सुक्खू ने तीसा में सीबीएसई स्कूल शुरू करने का उदाहरण देते हुए कहा कि विधायक हंसराज ने इस उपलब्धि पर विधानसभा में धन्यवाद तक नहीं किया, जबकि यशवंत खन्ना सहित अन्य लोगों ने स्कूल शुरू होने पर आभार जताया।सुक्खू ने आरोप लगाया कि विधायक हंसराज मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से ठीक पहले सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर स्कूल बंद होने और उन्हें दोबारा खुलवाने जैसे मुद्दे उठा रहे थे। उन्होंने सवाल किया कि अगर क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था इतनी खराब थी, तो पिछले 10 से 15 वर्षों के दौरान इन समस्याओं को लेकर गंभीर प्रयास क्यों नहीं किए गए?मुख्यमंत्री ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की शिक्षा रैंकिंग 21वें स्थान पर पहुंचने के दौरान भाजपा नेताओं ने सवाल क्यों नहीं उठाए? उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार से पूछा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए क्या कदम उठाए गए थे और आखिर पहली कक्षा का विद्यार्थी दूसरी कक्षा की किताब पढ़ने में सक्षम क्यों नहीं है?
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और विधायक हंसराज को भी इस मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का जवाब देना चाहिए। सुक्खू के मुताबिक, भाजपा नेताओं ने सत्ता में रहते हुए शिक्षा व्यवस्था की खामियों पर गंभीरता नहीं दिखाई और अब विपक्ष में रहते हुए सोशल मीडिया के जरिए सवाल उठा रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता प्रदेश के चुनिंदा क्षेत्रों में ही अपनी आवाज बुलंद करते हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों की समस्याओं पर चुप्पी साध लेते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार चुराह समेत प्रदेश के हर क्षेत्र के विकास और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है।मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद चुराह में कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं। अब देखना होगा कि विधायक हंसराज मुख्यमंत्री के आरोपों पर क्या जवाब देते हैं।