Summer express, जालंधर | जालंधर के गुरु नानक नगर में बुधवार देर रात बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने एक घर और उसके बाहर खड़ी गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावरों ने गाड़ी पर चार और मकान पर दो फायर किए। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और थाना एक की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गोलियां चलने की आवाज रात करीब 10 बजे सुनाई दी। अचानक हुई फायरिंग से लोग सहम गए और शुरुआत में डर के कारण घरों से बाहर नहीं निकले। कुछ लोगों को पहले लगा कि पटाखे चल रहे हैं, लेकिन जब गोलियों की आवाज बंद हुई तो उन्होंने बाहर आकर देखा कि बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक तेजी से मौके से फरार हो रहे थे। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि जिस घर को निशाना बनाया गया, उसमें साहिल नाम का युवक पिछले कुछ महीनों से किराए पर रह रहा है। वह अपने माता-पिता और पत्नी के साथ यहां रहता है। हमलावरों ने साहिल की गाड़ियों और मकान को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्हें साहिल के कामकाज के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। परिवार का आसपास के लोगों के साथ किसी तरह का विवाद या लेन-देन होने की बात भी सामने नहीं आई है।
फायरिंग की सूचना मिलने पर एसीपी नॉर्थ करनैल सिंह, सीआईए स्टाफ के इंचार्ज रविंदर कुमार और थाना नंबर एक की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
एसीपी नॉर्थ करनैल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए हैं। उनकी पहचान और भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि जल्द ही मामले का पता लगाकर फायरिंग के पीछे की वजह सामने लाई जाएगी।