समर न्यूज | चंडीगढ़
पंजाब कांग्रेस 11 नवंबर से प्रदेशभर में ‘पंजाब मांगता इंसाफ’ अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत कांग्रेस नेता किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न उद्योगों से जुड़े लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। यह जानकारी पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
परगट सिंह ने बताया कि 4 नवंबर को संगरूर में आयोजित इंसाफ रैली के साथ अभियान की शुरुआत हो चुकी है। अब इसे मालवा, माझा और दोआबा में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों के साथ भी सीधा संवाद करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ‘जवानी संभाल, जट्टा’ साइकिल यात्रा के माध्यम से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। पार्टी के पांच से छह वरिष्ठ नेता अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान की अगुवाई करेंगे।
परगट सिंह ने पंजाब में नशे, गैंगस्टरवाद और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण आम लोगों और युवाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि पीसीएस परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने भी परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतें उनके सामने रखी हैं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के बजाय पंजाब सरकार के फैसलों पर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का प्रभाव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सभी मुद्दों को जनता के बीच उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।
धान की खरीद पर भी उठाए सवाल
धान की खरीद को लेकर परगट सिंह ने दावा किया कि प्रदेश की मंडियों में लगभग 20 से 25 प्रतिशत धान अभी भी बिना बिके पड़ा है। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसल की खरीद और भुगतान को लेकर परेशान होना पड़ रहा है, जबकि मुख्यमंत्री ने मंडियों में आने वाले धान का एक-एक दाना खरीदने का वादा किया था।
जनता के सुझावों से तैयार होगा चुनावी घोषणापत्र
परगट सिंह ने बताया कि कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र को तैयार करने के लिए सांसद एवं घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष डॉ. अमर सिंह के साथ मिलकर विभिन्न वर्गों और विशेषज्ञों से सुझाव लिए जा रहे हैं। जनता से प्राप्त सुझावों को घोषणापत्र में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।
आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर सर्वेक्षण और बैठकों का दौर जारी है।