Summer express, हिसार | हिसार के बालसमंद-गालड़ रोड पर पराली के तुड़े को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पुरानी कहासुनी की रंजिश में दो युवकों ने एक पिकअप चालक को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के चूरू जिले के सादपुरा निवासी रोहताश के रूप में हुई है। इस मामले में अजय और रोहित उर्फ धोनी पर हमला करने का आरोप है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने और वारदात में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां बरामद करने की जानकारी दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई सुरेंद्र ने बताया कि उसका बड़ा भाई रोहताश गांव के राहुल के साथ पिकअप गाड़ी में पराली के तुड़े ढोने का काम करता था। दोनों पराली भरने के लिए घिराय गांव गए थे। उनके साथ तीन पिकअप गाड़ियां चल रही थीं। शिकायत के मुताबिक, रात करीब पौने दस बजे चंदन नगर के पास पराली के तुड़े को लेकर रोहताश की अजय और रोहित उर्फ धोनी के साथ कहासुनी हो गई थी। उस समय साथ मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोप है कि दोनों युवकों ने रोहताश को जान से मारने की धमकी दी थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद जब रोहताश बालसमंद से गालड़ रोड की तरफ जा रहा था तो आरोपियों ने अपनी गाड़ी से डिपर देकर उसकी पिकअप रुकवा ली। आरोप है कि दोनों ने उसे गाड़ी से बाहर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान रोहित उर्फ धोनी ने उसकी दाहिनी छाती में चाकू घोंप दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे राहुल को भी धक्का देकर दूर कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी अपनी गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
रात करीब 12:15 बजे राहुल ने फोन कर रोहताश के भाई सुरेंद्र को घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो रोहताश सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसे तुरंत जिंदल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसकी सर्जरी भी की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
रोहताश की मौत की खबर मिलने के बाद उसके परिजन और ग्रामीण जिंदल अस्पताल में एकत्रित हो गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई। परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने शुरुआत में जो एफआईआर लिखी थी, उसे फाड़ दिया और बाद में दोबारा बयान देने के लिए कहा। इस पर उन्होंने मामले की जांच सदर थाना पुलिस के बजाय सीआईए से करवाने की मांग की, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। हंगामे की सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।
वहीं, एफआईआर फाड़ने के आरोपों पर पुलिस का कहना है कि शुरुआती रिपोर्ट में गांवों के नाम गलत दर्ज हो गए थे। इसी कारण शिकायतकर्ता पक्ष को दोबारा बयान देने के लिए कहा गया था। पुलिस ने परिजनों को यह भी बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो गाड़ियां बरामद की गई हैं।
शुरुआत में हिसार सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 115 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। रोहताश की मौत के बाद अब केस में हत्या की धारा जोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।