Summer express, करनाल (राकेश कुमार शर्मा)। स्वास्थ्य के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता के साथ मशरूम की मांग में लगातार इजाफा हो रहा है। कभी बाजार में मुख्य रूप से बटन मशरूम की उपलब्धता तक सीमित रहने वाला यह कारोबार अब कई नई खाद्य और औषधीय किस्मों तक पहुंच चुका है। मशरूम की खेती अब केवल कृषि गतिविधि नहीं रह गई है, बल्कि युवाओं के लिए स्वरोजगार, उद्यमिता और स्टार्टअप शुरू करने का एक बेहतर माध्यम बन रही है। उत्पादन के साथ-साथ इसकी प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ट्रेडिंग और वैल्यू एडिशन के क्षेत्र में भी कारोबार की नई संभावनाएं उभर रही हैं।
मशरूम स्वाद और पोषण दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण खाद्य पदार्थ है। इसकी बढ़ती खपत को देखते हुए किसान अब पारंपरिक बटन मशरूम के अलावा ऑयस्टर यानी ढिंगरी, मिल्की यानी दूधिया खुम्भी, शिटाके और हेरिसियम जैसी किस्मों की खेती की ओर भी रुख कर रहे हैं। इनमें शिटाके मशरूम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में विशेष पहचान है। वैज्ञानिक तकनीकों के इस्तेमाल से मशरूम उत्पादन अब अधिक व्यवस्थित और व्यावसायिक स्वरूप ले रहा है।
खाद्य मशरूम के साथ औषधीय उपयोग वाली किस्मों का दायरा भी बढ़ रहा है। गैनोडर्मा यानी ऋषि मशरूम और कॉर्डिसेप्स जैसी किस्मों का इस्तेमाल औषधीय उत्पादों और स्वास्थ्य संबंधी अनुसंधान में किया जाता है। इससे मशरूम आधारित उद्योग के लिए खाद्य क्षेत्र के अलावा औषधीय और औद्योगिक उपयोग की संभावनाएं भी विकसित हो रही हैं।
युवा अब मशरूम उत्पादन के साथ इससे जुड़े दूसरे व्यवसायों में भी अपनी जगह बना रहे हैं। मशरूम से अचार, बिस्किट, पापड़ और अन्य खाद्य उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा इसकी पैकेजिंग, मार्केटिंग और उपयोगी तत्वों के निष्कर्षण पर भी काम हो रहा है। मशरूम में मौजूद पॉलीसेकेराइड्स जैसे घटकों के एक्सट्रैक्शन की दिशा में हो रहे प्रयास इस क्षेत्र में वैल्यू एडिशन की संभावनाओं को बढ़ा रहे हैं।
हरियाणा सहित देश के विभिन्न हिस्सों में युवा मशरूम उत्पादन को व्यवसाय के रूप में अपना रहे हैं। कृषि और बागवानी की पढ़ाई करने वाले युवाओं के अलावा दूसरे विषयों से जुड़े शिक्षित युवा भी इस क्षेत्र में उद्यम शुरू करने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। बीएससी एग्रीकल्चर और हॉर्टिकल्चर की डिग्री हासिल करने वाले युवाओं के लिए यह अपनी तकनीकी जानकारी को रोजगार और कारोबार में बदलने का अवसर है।
मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में भारत के पास भी बड़ी संभावनाएं हैं। चीन जैसे प्रमुख उत्पादक देशों की बराबरी करने के लिए देश में अनुकूल जलवायु, कृषि अवशेषों की उपलब्धता, श्रमशक्ति और युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसके लिए उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ प्रोसेसिंग, भंडारण और बाजार तक पहुंच की व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है।
लोगों की बदलती खानपान की आदतों ने भी मशरूम की मांग को बढ़ावा दिया है। पहले मशरूम को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां थीं, लेकिन अब शादी समारोहों, बड़े आयोजनों और रेस्टोरेंट में इससे बने विभिन्न व्यंजन आम तौर पर उपलब्ध हैं। बढ़ती खपत से किसानों और युवाओं का इस कारोबार के प्रति रुझान बढ़ रहा है। कृषि मेलों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी लोग मशरूम उत्पादन की तकनीक और व्यवसाय से जुड़ी जानकारी लेने में रुचि दिखा रहे हैं।
महाराणा प्रताप हॉर्टिकल्चर विश्वविद्यालय से जुड़े डॉ. अजय सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में किसानों और युवाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देने के लिए अलग-अलग अवधि के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनमें तीन दिन, सात दिन और एक महीने तक के प्रशिक्षण शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान इच्छुक लोगों को मशरूम उत्पादन की तकनीक की जानकारी दी जाती है। इसके साथ ही उत्पादन शुरू करने के लिए मशरूम बीज, कंपोस्ट और रेडी-टू-ग्रो बैग भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
डॉ. अजय सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में मशरूम के अलावा मक्का की फसल पर भी अनुसंधान किया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग किस्मों को बढ़ावा देने और नई स्ट्रेन विकसित करने पर काम हो रहा है। उद्देश्य स्थानीय जलवायु और कृषि परिस्थितियों के अनुकूल अधिक उत्पादन देने वाली किस्में तैयार कर किसानों तक पहुंचाना है, जिससे उनकी पैदावार और आमदनी बढ़ाने में मदद मिल सके।