परमिंदर मेहता बोले- खाली पदों पर आश्रितों को तुरंत मिले नौकरी, निगम पर नहीं पड़ेगा अतिरिक्त आर्थिक बोझ
लक्की मेहता | लुधियाना
समर न्यूज
नगर निगम में ड्यूटी के दौरान या सेवा में रहते हुए जान गंवाने वाले डीसी रेट सफाई सेवकों के करीब 40 परिवार नौकरी के इंतजार में हैं। लंबे समय से इन मामलों का निपटारा नहीं होने पर पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ नेता परमिंदर मेहता ने निगम प्रशासन को घेरा है।
उन्होंने निगमायुक्त से मांग की है कि मृतक कर्मचारियों के योग्य आश्रितों को तरस के आधार पर नौकरी देने के लिए तुरंत सब-कमेटी गठित की जाए।
मेहता ने कहा कि सब-कमेटी नहीं बनने के कारण करीब 40 डेथ केस लंबे समय से लटके हुए हैं। मृतक कर्मचारियों के परिवारों के योग्य सदस्य नौकरी के हकदार हैं, लेकिन निगम प्रशासन की ढिलाई के चलते उन्हें राहत नहीं मिल रही। परिवार आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि इन पदों पर नियुक्तियां करने से नगर निगम पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा, क्योंकि मृतक सफाई सेवकों के पद पहले से स्वीकृत हैं और उनके निधन के बाद खाली पड़े हैं। इसके बावजूद नियुक्तियों में देरी करना समझ से परे है।