तीसरी बार आयोजित हो रहा मांडव्य उत्सव, वर्ष 2024 में हुई थी शुरुआत, सात दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगी मंडी
Summer express/मंडी, धर्मवीर। छोटी काशी मंडी में मांडव ऋषि की तपोस्थली को समर्पित सात दिवसीय मांडव्य उत्सव का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। तीसरी बार आयोजित किए जा रहे इस उत्सव को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के संगम के रूप में आयोजित इस उत्सव की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई।
नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर ने पार्षदों और अधिकारियों के साथ सबसे पहले राज माधो राय मंदिर में पूजा-अर्चना की।इसके पश्चात उन्होंने बाबा भूतनाथ मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। यहां से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें शहर के लोगों ने भी भाग लिया। शोभायात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए ब्यास नदी के किनारे स्थित ऐतिहासिक मांडव शिला पहुंचकर संपन्न हुई। यहां विधिवत हवन-पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रभु का स्मरण कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम में मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने तीन वर्ष पूर्व इस बेहतरीन आयोजन की शुरुआत की थी।हर वर्ष गुरु नानक जयंती के अवसर पर इसका आयोजन किया जाता है। ऐसे उत्सवों से लोगों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
पूर्व पार्षद राजेंद्र मोहन ने बताया कि वर्ष 2024 में तत्कालीन मेयर वीरेंद्र भट्ट ने मांडव्य उत्सव की परिकल्पना रखी थी, जिसे नगर निगम सदन ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी थी। छोटी काशी मंडी को मांडव ऋषि की तपोस्थली माना जाता है, लेकिन उनकी स्मृति में पहले कोई विशेष आयोजन नहीं होता था। इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से उत्सव की शुरुआत की गई।स्थानीय निवासी हरीश वैद्य ने कहा कि अब शहरवासी बढ़-चढ़कर इसमें भागीदारी निभा रहे हैं। सात दिवसीय उत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन भी किया जाएगा।