Summer express/शिमला/संजू -:हिमाचल प्रदेश में नई औद्योगिक नीति को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अगले 15 दिनों से एक महीने के भीतर नई नीति को अंतिम रूप दिया जा सकता है। इस बार सरकार का फोकस बड़े निवेश के आंकड़ों के बजाय रोजगार सृजन, राजस्व और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर रहेगा। यही वजह है कि अधिक बिजली और पानी की खपत करने वाले सरिया और एथेनॉल उद्योगों को सरकार प्रोत्साहित करने के पक्ष में नहीं है। वहीं, फैक्ट्रियों से निकलने वाले स्क्रैप के कारोबार को व्यवस्थित करने के लिए प्रस्तावित नीति विभागीय आपत्तियों में उलझ गई है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पूर्व भाजपा सरकार की इन्वेस्टर मीट पर भी सवाल उठाए हैं।
स्क्रैप कारोबार को व्यवस्थित करने की योजना अधर में
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के मुताबिक प्रदेश की वर्ष 2019 की औद्योगिक नीति में बदलाव कर नई नीति तैयार की जा रही है। इसके लिए पर्यावरण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और आबकारी एवं कराधान विभाग समेत विभिन्न विभागों से सुझाव मांगे गए हैं। सरकार का मानना है कि उद्योगों को बढ़ावा देते समय यह देखना जरूरी है कि उनसे प्रदेश को कितना रोजगार, राजस्व और आर्थिक लाभ मिल रहा है। मंत्री ने कहा कि एक छोटी सरिया इकाई भी 15 से 20 मेगावाट बिजली की खपत करती है। इतनी बिजली में कई छोटी औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा सकती हैं, जिनसे अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। इसी तरह प्रदेश में पहले से दो एथेनॉल प्लांट मौजूद हैं, जिनमें भूजल की काफी खपत होती है। ऐसे में सरकार संसाधनों पर कम दबाव डालने वाले उद्योगों को प्राथमिकता देना चाहती है। नई औद्योगिक नीति में कंपनियों का टर्नओवर, निवेश, रोजगार, राजस्व और टैक्स पांच प्रमुख आधार होंगे। मेडिकल डिवाइस पार्क समेत विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में 30 से 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं भी जताई गई हैं।औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले स्क्रैप के कारोबार को लेकर भी उद्योग विभाग नीति बनाने की तैयारी में था। इसका उद्देश्य लोहे, जस्ते और प्लास्टिक के स्क्रैप की बिक्री और उचित निपटान के लिए पारदर्शी व्यवस्था तैयार करना था। हालांकि, यह मामला फिलहाल विभागीय अड़चनों में फंस गया है। उद्योग मंत्री के अनुसार स्क्रैप की बिक्री, उसकी दरें निर्धारित करने और टैक्स से जुड़े मामले आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। संबंधित विभाग की ओर से आपत्तियां जताए जाने के बाद इस नीति को आगे बढ़ाने में दिक्कत आ रही है। ऐसे में स्क्रैप कारोबार को व्यवस्थित करने की योजना फिलहाल अधर में है।
पूर्व भाजपा सरकार की इन्वेस्टर मीट की उपलब्धियों पर सवाल
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पूर्व भाजपा सरकार की इन्वेस्टर मीट की उपलब्धियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने करीब 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए थे, लेकिन प्रदेश में वास्तविक निवेश लगभग 27 हजार करोड़ रुपये ही पहुंचा। मंत्री के मुताबिक केवल बड़े आयोजन करने और एमओयू साइन करने से निवेश धरातल पर नहीं उतरता, क्योंकि एमओयू निवेश का शुरुआती आश्वासन होता है, कोई बाध्यकारी समझौता नहीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बड़े-बड़े आयोजनों के बजाय सीधे कंपनियों के मालिकों से बातचीत कर रही है, ताकि निवेश की संभावनाओं को वास्तविक परियोजनाओं में बदला जा सके। सरकार का दावा है कि नई औद्योगिक नीति प्रदेश के संसाधनों, रोजगार और राजस्व को ध्यान में रखकर तैयार की जाएगी।