साइकिल रैली के साथ योग, जुम्बा और रस्सी कूद गतिविधियों से दिया जाएगा फिटनेस का संदेश
Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला: युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 29 नवंबर को धर्मशाला में ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का 100वां संस्करण आयोजित किया जाएगा। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) धर्मशाला और मेरा युवा भारत (माई भारत), जिला कांगड़ा के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस विशेष आयोजन में 200 से 250 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, उपायुक्त कांगड़ा, पुलिस अधीक्षक सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहेंगे।
साई धर्मशाला के सहायक निदेशक जेपी साहनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वर्ष 2019 में शुरू किए गए फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 17 दिसंबर 2024 से प्रत्येक रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के 100वें संस्करण को विशेष बनाने के लिए देशभर के 100 स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। धर्मशाला को भी इस आयोजन के लिए चुना गया है।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, योल कैंट के जवानों और स्थानीय साइक्लिस्ट सहित करीब 90 साइकिल चालक रैली में भाग लेंगे। इसके साथ ही प्रतिभागियों के लिए योग, जुम्बा और रोप स्किपिंग जैसी मनोरंजक एवं फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।मेरा युवा भारत के जिला उपनिदेशक ध्रुव डोगरा ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य ‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाना और युवाओं को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान से जोड़ना है। युवाओं के पंजीकरण के लिए क्यूआर कोड भी जारी किया गया है। इसके माध्यम से प्रतिभागियों का डेटाबेस तैयार कर उन्हें साई और माई भारत की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी।रैली साई केंद्र धर्मशाला से शुरू होकर मुख्य सड़क के रास्ते इंफिनिटी होटल तक पहुंचेगी। इसके बाद शिक्षा बोर्ड परिसर से होते हुए वापस साई केंद्र में संपन्न होगी। आयोजकों ने युवाओं और स्थानीय नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।