पंडार चौकी के पास शाम साढ़े छह बजे हुआ हादसा, जय देवी से बसेक गांव गई बारात से लौट रहे थे सभी
Summer express/मंडी, धर्मवीर -:मंडी जिला के तहत पड़ने वाले उपमंडल सुंदरनगर के निहरी क्षेत्र में पंडार चौकी के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। यह सभी लोग बारात से लौट रहे थे और अचानक इनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। मिली जानकारी के अनुसार हादसा शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ। सुंदरनगर की ग्राम पंचायत बंदली के बसेक गांव में जय देवी से बारात गई हुई थी। बारात में शामिल होकर वापस लौट रहे लोग पंडार चौकी के पास हादसे का शिकार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांडा पहुंचाया गया। बीएमओ रोहांडा डॉ. लाल ने बताया कि अस्पताल में दो लोगों को मृत अवस्था में लाया गया। घायलों में एक व्यक्ति को कई गंभीर चोटें आने के कारण मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया, जबकि एक अन्य की टांग टूटने के चलते उसे भी नेरचौक भेजा गया। एक घायल का उपचार रोहांडा में ही चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसे में इनकी गई जानः
तहसीलदार निहरी के अनुसार हादसे में मृतकों की पहचान विजय कुमार उर्फ रिंकू (36) पुत्र रामदीन निवासी खगराओ, तहसील सुंदरनगर और पुनीत कुमार उर्फ अंकु (34) पुत्र केवल कृष्ण निवासी बोडल, तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान मनोज कुमार (45) पुत्र जगत राम निवासी बोडल, डाकघर जय देवी, सुरेंद्र कुमार (42) पुत्र पोलू राम निवासी बोडल तथा पंकज कुमार (38) पुत्र जगत राम निवासी बोडल, तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने हादसे की पुष्टि की है।