Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला छावनी के लाल कुर्ती इलाके में पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने, नशे की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा इंतजामों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने होटलों, बस स्टैंड और आसपास की दुकानों पर पहुंचकर जांच की। होटलों में ठहरने वाले मेहमानों के रिकॉर्ड, जरूरी दस्तावेजों और अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की भी पड़ताल की गई।
लाल कुर्ती चौकी पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान होटल संचालकों को नियमों का पालन करने और सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने के निर्देश दिए गए। चौकी इंचार्ज राजिंदर ने बताया कि दिवाली की रात एक होटल में आग लगने की घटना के बाद से क्षेत्र के होटलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि सभी होटलों में फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध हों और आपात स्थिति से निपटने के पर्याप्त इंतजाम किए गए हों।
चेकिंग के दौरान एक होटल के दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर पुलिस ने उसका रजिस्टर अपने कब्जे में ले लिया। होटल संचालक को निर्देश दिया गया है कि जब तक जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं होते, तब तक किसी भी ग्राहक को कमरा न दिया जाए। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही होटल का रजिस्टर वापस किया जाएगा।
वहीं, पुलिस टीमों ने बस स्टैंड और आसपास की दुकानों पर भी जांच की। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के चल रही एक बाइक को भी जब्त किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, नशे के कारोबार पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नियमित रूप से चेकिंग अभियान जारी रहेगा।