Summer express, सुभाष चंद, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने डियारा सेक्टर के एक सक्रिय नशा तस्कर के विरुद्ध कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई की है। आरोपी अमित किशोर निवासी वार्ड नंबर-8, डियारा सेक्टर को PIT-NDPS एक्ट की धारा 3(1) के तहत निरुद्ध कर मुक्त कारागार, जबली में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं।
जिला पुलिस की ओर से आदतन और बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अमित किशोर की लगातार आपराधिक गतिविधियों और नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय भूमिका को देखते हुए उसके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित तथ्यों और रिकॉर्ड के आधार पर मामला निरोधक प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया था।
निरोधक प्राधिकारी की ओर से PIT-NDPS एक्ट के तहत निरोध आदेश पारित किए जाने के बाद पुलिस ने नियमानुसार आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे मुक्त कारागार, जबली में दाखिल करवाया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य आरोपी को भविष्य में दोबारा नशा तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल होने से रोकना है।
पुलिस के मुताबिक, नशे के अवैध कारोबार में बार-बार संलिप्त रहने वाले अपराधियों के खिलाफ सामान्य कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ प्रभावी निरोधात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। इससे नशा तस्करी के नेटवर्क पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने में मदद मिलेगी।
जिला बिलासपुर पुलिस ने दोहराया है कि नशा तस्करी के खिलाफ उसकी जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। आदतन अपराधियों और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।