Summer express, हांसी। हिसार जिले के पेटवाड़ गांव में रात एक कारोबारी के घर के बाहर बाइक सवार नकाबपोश युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। हमलावर ने पहले घर के मुख्य गेट पर गोली चलाई और फिर अंदर घुसकर तीन राउंड फायर किए। इस दौरान घर में खड़ी कार पर भी तीन गोलियां लगीं। वारदात के समय घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। अचानक हुई फायरिंग से परिवार के सदस्य सहम गए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब सवा नौ बजे बाइक पर सवार एक नकाबपोश युवक कारोबारी धर्मपाल के घर के बाहर पहुंचा। उसने आवाज लगाकर धर्मपाल को नाम लेकर बुलाया, लेकिन घर से कोई बाहर नहीं आया। इसके बाद आरोपी ने पहले मुख्य गेट की तरफ गोली चलाई और फिर अंदर प्रवेश कर फायरिंग की। गोलियां घर में खड़ी कार पर भी लगीं। धर्मपाल की उम्र करीब 60 वर्ष है। वह प्रॉपर्टी कारोबार के साथ-साथ नारनौंद अनाज मंडी में आढ़त की दुकान भी चलाते हैं। घटना के समय वह पड़ोस में एक व्यक्ति के निधन पर शोक जताने गए हुए थे। पेटवाड़ गांव कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ का पैतृक गांव भी है।
धर्मपाल के बेटे उमेश ने बताया कि वारदात के समय घर में उनकी पत्नी, मां, भाई-भाभी और बच्चे मौजूद थे। हमलावर ने अपना चेहरा ढका हुआ था। फायरिंग करने के बाद वह मौके से फरार हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर के बाहर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर धर्मपाल भी वापस घर पहुंच गए। उमेश के मुताबिक, उनके परिवार की किसी के साथ कोई रंजिश या विवाद नहीं है। ऐसे में घर पर अचानक हुई फायरिंग से पूरा परिवार हैरान और चिंतित है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, सीआईए नारनौंद और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली गई है, जिसके आधार पर हमलावर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जोगिंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक युवक फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल वारदात के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।