नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह के भाषण की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। पीएम मोदी ने कहा कि शाह का संबोधन न केवल “ऑपरेशन सिंदूर” और “ऑपरेशन महादेव” की अहम जानकारियों को सामने लाया, बल्कि यह भी दिखाता है कि सरकार आतंकवाद के खात्मे के लिए कितनी गंभीर है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “लोकसभा में दिया गया अमित शाह जी का भाषण उल्लेखनीय है। इसमें ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव की जानकारी साझा की गई, जिसने आतंकियों के सफाए में अहम भूमिका निभाई। उनका संबोधन हमारे देश को सुरक्षित रखने के प्रयासों पर केंद्रित है।”
गृह मंत्री शाह ने बताया कि पहलगाम नरसंहार के पीछे रहे तीन आतंकियों को श्रीनगर के पास एक संयुक्त ऑपरेशन में मार गिराया गया है। सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। ऑपरेशन महादेव के तहत मारे गए आतंकियों की पहचान सुलेमान उर्फ फैजल, अफगानी और जिबरान के रूप में हुई है।
शाह ने संसद में कहा कि केंद्र सरकार की नीति बिल्कुल स्पष्ट है—आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस। उन्होंने दोहराया कि अब आतंकी चाहे किसी भी देश से हों या किसी संगठन से जुड़े हों, भारत की धरती पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।