पलवल | पलवल जिले के हथीन उपमंडल के मलोखड़ा गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही पिता की कैंची से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। आरोपी फिलहाल फरार है, लेकिन पुलिस ने मां की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
सुबह पशुओं को चारा डालने को कहा, भड़क उठा बेटा
गांव के सरपंच हामिद के अनुसार, मृतक अयूब की पत्नी हंसीरा ने बताया कि सुबह 5 बजे अयूब ने बच्चों को पशुओं को चारा डालने के लिए कहा था। इसी दौरान उनका बड़ा बेटा अनीश अचानक झगड़ने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि अनीश कमरे में जाकर कपड़े काटने वाली कैंची ले आया और पिता अयूब की गर्दन पर वार कर दिया।
छोटा भाई बचाने आया तो उस पर भी किया हमला
जब छोटा बेटा मनीष बीच-बचाव के लिए आया तो अनीश ने उस पर भी कैंची से हमला कर दिया। घायल अयूब घर के आंगन में गिरकर छटपटाते रहे और वहीं उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी
थाना प्रभारी हरि कृष्ण ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक की पत्नी के बयान पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अनीश फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।