5 August, 2025
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन और एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है, लेकिन दर्शकों की उम्मीदों पर यह फिल्म खरी नहीं उतर पा रही है। जहां पहले पार्ट ‘सन ऑफ सरदार’ को दर्शकों ने खूब सराहा था, वहीं इसका सीक्वल बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पा रहा।
पहले सोमवार को महज 2.5 करोड़ की कमाई
विजय कुमार अरोड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले सोमवार को सिर्फ 2.50 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। इस आंकड़े के साथ फिल्म का चार दिनों का कुल कलेक्शन 27.25 करोड़ रुपये हो चुका है। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने 7.25 करोड़, दूसरे दिन 8.25 करोड़ और तीसरे दिन 9.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।हालांकि फिल्म जल्द ही 30 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लेगी, लेकिन जिस रफ्तार से कलेक्शन हो रहा है, उसे देखते हुए 100 करोड़ रुपये की लागत वाली इस फिल्म को ब्रेक-ईवन तक पहुंचने में भी मुश्किल हो सकती है।
कहानी को लेकर दर्शकों में थोड़ी कंफ्यूजन और मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। मल्टीस्टारर होने के बावजूद, फिल्म की कमजोर स्क्रिप्ट और धीमी गति इसके प्रदर्शन में बाधा बन रही है।