डबलिन | आयरलैंड में भारतीय मूल के टैक्सी ड्राइवर लखवीर सिंह पर डबलिन के पॉपिनट्री इलाके में दो युवकों ने अचानक हमला कर दिया। पीड़ित 23 वर्षों से आयरलैंड में रह रहे हैं और टैक्सी चला रहे थे। हमलावरों ने न सिर्फ सिर पर बोतल से वार किया, बल्कि नस्ली टिप्पणियां करते हुए कहा – “अपने देश वापस जाओ।”
हमले के वक्त लखवीर दो युवकों को टैक्सी में लेकर जा रहे थे। गंतव्य पर पहुंचते ही युवकों ने हमला किया और भाग निकले। इस हमले के बाद लखवीर ने टैक्सी चलाना छोड़ दिया है। उनका कहना है कि वे और उनके बच्चे बेहद डरे हुए हैं।
घटना के बाद पुलिस (गार्डाई) ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि उनकी चोटें गंभीर नहीं हैं।
गौरतलब है कि यह हमला ऐसे वक्त में हुआ जब भारतीय दूतावास ने हालिया हमलों के मद्देनजर भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह दी थी। इससे पहले भी डबलिन में भारतीयों पर नस्ली हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
प्रवासी भारतीय समुदाय में बढ़ रहा डर:
19 जुलाई को भी एक भारतीय नागरिक पर इसी तरह का हमला हुआ था। पिछले सप्ताह एआई विशेषज्ञ डॉ. संतोष यादव पर भी छह किशोरों ने पीछे से हमला किया था।
स्थानीय काउंसलर बेबी परेप्पडन ने चिंता जताते हुए कहा – “भारतीय नागरिक इस देश की स्वास्थ्य और आईटी जैसी ज़रूरी सेवाओं में काम कर रहे हैं, लेकिन वे लगातार निशाना बनाए जा रहे हैं।”