अमृतसर | दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका आज श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने गुरु चरणों में नतमस्तक होकर सरबत के भले की अरदास की। यह दौरा 350वीं शहादत शताब्दी समागम की तैयारियों के सिलसिले में किया गया, जिसे लेकर उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साथ विशेष बैठक में हिस्सा लिया।
हरमीत सिंह कालका ने जानकारी दी कि यह ऐतिहासिक समागम आगामी 23, 24 और 25 तारीख को दिल्ली के लाल किले और चांदनी चौक क्षेत्र में मनाया जाएगा। शताब्दी को लेकर सिख पंथ में उत्साह चरम पर है और देशभर की धार्मिक संस्थाएं मिलकर इसकी व्यापक तैयारियों में जुटी हैं।
अमृतसर में हुई बैठक में विभिन्न सम्प्रदायों, निहंग सिंह जत्थेबंदियों व गुरुद्वारा प्रबंधक संस्थाओं ने भाग लिया। इस बैठक में नवंबर में होने वाले समागमों की रूपरेखा तैयार की गई तथा सभी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से बांटी गईं।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा आनंदपुर साहिब से दिल्ली तक नगर कीर्तन निकालने की योजना बनाई गई है। इसी कड़ी में लॉजिस्टिक्स, सुरक्षा, सहयोगी जत्थेबंदियों की भूमिका जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई, ताकि समागम को ऐतिहासिक और सफल बनाया जा सके।