Chandigarh, 8 August
पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने आम आदमी पार्टी सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि “आगे दौड़, पीछे छोड़” जैसी नीतियों ने राज्य के जनहित संस्थानों को गंभीर आर्थिक संकट में धकेल दिया है।
खन्ना ने कहा कि मुफ्त बस यात्रा और मुफ्त बिजली जैसी लोकलुभावन योजनाएं बिना किसी ठोस वित्तीय योजना के लागू की गईं, जिनका भार अब राज्य के खजाने और सार्वजनिक संस्थानों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब इन वादों से पीछे हटने के बहाने खोज रही है।उन्होंने आंकड़ों के हवाले से बताया कि इन योजनाओं पर हर महीने जितना खर्च हो रहा है, उतनी राशि सरकार समय पर जारी नहीं कर पा रही, जिसके कारण कर्मचारियों को महीनों वेतन का इंतजार करना पड़ रहा है।
PRTC और रोडवेज के कर्मचारियों द्वारा लगातार किए जा रहे विरोध और चक्का जाम के बावजूद सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। खन्ना ने कहा कि आर्थिक तंगी के चलते सरकारी बसों की समय पर मरम्मत नहीं हो पा रही है, जिससे वे बीच रास्ते में खराब हो रही हैं या समय से नहीं चल पा रही हैं — यह स्थिति विभाग को दोहरा नुकसान पहुँचा रही है।उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी को सत्ता में चुटकुले सुनाने के लिए नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए चुना था।”खन्ना ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की कि वे समय रहते जनहित संस्थानों को बचाने के लिए ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाएं, अन्यथा जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।