किश्तवाड़ | जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के पड्डर उप-मंडल के चिशोती गाँव में मचैल माता यात्रा के रास्ते पर अचानक बादल फटने की भयानक घटना घटी। स्थानीय लोगों और अधिकारियों के मुताबिक इस आपदा में अब तक कम से कम 10 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं और कुछ अभी भी फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हो गया। बचाव दल तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हुआ और यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत कार्य तेज कर दिया गया। स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भी बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक तेज बारिश और बादल फटने से मार्ग पर पानी और मलबा बह निकला, जिससे यात्रियों को निकलने में कठिनाई हुई। कई लोग फिसलकर पानी में गिर गए और कुछ मलबे में दब गए। प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह सुरक्षित स्थान पर रहें और बचाव दल के निर्देशों का पालन करें।
इस घटना ने क्षेत्र में शोक और चिंता की लहर फैला दी है। अधिकारियों ने कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव मदद प्रदान की जा रही है और राहत-बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सभी फंसे हुए लोग सुरक्षित नहीं निकल जाते।
यात्रियों और स्थानीय लोगों से आग्रह किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें ताकि किसी भी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।