रोहतक | महावीर पार्क के बाहर एक छोटी सी लापरवाही के कारण कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कपड़ों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पार्क में घुस गई और कई युवकों को टक्कर मार दी। घटना में 3-4 बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, अजमेर का रहने वाला शख्स पिकअप में कपड़े भरकर बेचने के लिए रोहतक आया था। उसने अपने साथ आए एक बच्चे को माइक ऑन करने के लिए कहा। लेकिन बच्चे ने गलती से गाड़ी का स्विच गियर में डालकर स्टार्ट कर दिया और एक्सीलेटर दबा दिया। इसी दौरान गाड़ी सड़क पार कर महावीर पार्क की सीढ़ियों पर चढ़ गई।
आर्य नगर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि डायल 112 की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि हादसा बच्चों की गलती से हुआ। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।