Hamirpur, Arvind
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिला उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह ने शिक्षा सचिव को पत्र लिखकर एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा है कि जब खराब मौसम और आपदा की आशंका के चलते छात्रों को स्कूल से अवकाश दिया जाता है, तो उसी तरह टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ को भी छुट्टी मिलनी चाहिए।
फिलहाल शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार छुट्टी केवल विद्यार्थियों को दी जाती है, जबकि शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य किया गया है। इस दौरान उन्हें विशेष कार्य सौंपे जाते हैं।उपायुक्त ने तर्क दिया है कि जब स्कूल पूरी तरह बंद रहते हैं और छात्र मौजूद नहीं होते, तो शिक्षकों व स्टाफ के लिए स्कूल आने का कोई औचित्य नहीं बनता। इसके अलावा महिला कर्मचारियों को बरसात में स्कूल तक पहुंचने में सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।अमरजीत सिंह ने मांग की है कि इस नियम पर शिक्षा विभाग पुनर्विचार करे और खराब मौसम में शिक्षकों व गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी विद्यार्थियों की तरह अवकाश प्रदान किया जाए। अब देखना यह होगा कि सरकार और शिक्षा विभाग इस पर क्या निर्णय लेते हैं।