Kullu, Manminder
कुल्लू जिला में शनिवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश अभी भी थमी नहीं है। लगातार हो रही वर्षा ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
बंजार उपमंडल में नलौण और सिहड़ा के बीच नाले में अचानक तेज़ बहाव आने से राष्ट्रीय उच्च मार्ग-305 पूरी तरह बाधित हो गया है। वहीं सैंज क्षेत्र में गरशाला नाले का जलस्तर बढ़ने से दुकानों और घरों में मलबा व पानी घुस गया है। शास्त्री नगर में भी नाले के उफान से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।किसानों और बागवानों पर भी बारिश का सीधा असर पड़ा है। इस समय सेब की फसल पककर तैयार है, लेकिन सड़क मार्ग बाधित होने से परिवहन प्रभावित हो रहा है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।