चंडीगढ़ | हरियाणा में 19 दिन बाद आयुष्मान योजना के तहत लाभार्थियों का इलाज फिर शुरू हो गया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ बैठक के बाद अपने 19 दिन पुराने फैसले को वापस लिया।
ढाई घंटे चली बैठक में तय हुआ कि कोई भी भुगतान एक महीने से अधिक लंबित नहीं रहेगा। यदि भुगतान में देरी हुई, तो सरकार निजी अस्पतालों को बकाया राशि पर ब्याज देगी।
IMA हरियाणा की प्रमुख मांगों में से एक यह थी कि देरी पर ब्याज दिया जाए। सरकार ने इसे मान लिया है और प्रतिदिन ब्याज की दर जल्द तय की जाएगी। साथ ही निजी अस्पतालों के मुद्दों को हल करने के लिए IMA के सदस्य स्वास्थ्य विभाग की कमेटियों में शामिल होंगे। इस निर्णय के बाद सोमवार रात से निजी अस्पतालों ने आयुष्मान योजना के लाभार्थियों का इलाज फिर से आरंभ कर दिया।