कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या को दूर करने के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विधानसभा सत्र में बताया कि शहर को जाम फ्री बनाने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत शहर में नए पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे और रिंग रोड बाइपास के साथ-साथ यमुनानगर-कुरुक्षेत्र-लाडवा-पिहोवा मार्ग को फोरलेन किया जाएगा।
मौके पर मौजूद कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान शहर में जाम की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिपली से थर्ड गेट और सेक्टर-3 बाइपास से लेकर 100 फुटा रोड ब्रह्म सरोवर तक वाहनों की भीड़ नियंत्रण से बाहर रहती है।
इस पर पंवार ने बताया कि शहर के सेक्टर-10 में नए पार्किंग स्थल तैयार किए जाएंगे, जो अगले साल तक पूरी तरह काम करने लगेंगे। वहीं अरोड़ा ने सुझाव दिया कि पार्किंग स्थल ब्रह्म सरोवर के आसपास होना चाहिए, ताकि महोत्सव के दौरान आने वाले लोगों को आसानी से वाहन खड़ा करने की सुविधा मिले।
पंचायत मंत्री ने जवाब में कहा कि ब्रह्म सरोवर के पास नई अनाज मंडी में दो हजार बसें और चार-पाँच हजार छोटे वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी। इसके अलावा, शहर में बड़े वाहनों के लिए गांवों के रूट पर मोड़ने की योजना के कारण भी जाम बनता है। इसे हल करने के लिए रिंग रोड और बाइपास परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है, और जल्द ही यमुनानगर-कुरुक्षेत्र-लाडवा-पिहोवा मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा।