अंबाला | अंबाला शहर में बाल अधिकार आयोग ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्कूलों को सख्त निर्देश दिए हैं। आयोग ने साफ कहा कि बिना फिटनेस सर्टिफिकेट, कैमरा निगरानी और पुलिस वेरिफिकेशन के कोई भी वाहन बच्चों को लाने-ले जाने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि जिले की सभी स्कूल बसों की नियमित जांच हो और स्टाफ को बच्चों की सुरक्षा और रोड सेफ्टी के लिए ट्रेनिंग दी जाए। इसके अलावा, बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाने का भी निर्देश दिया गया।
बाल अधिकार आयोग के सदस्य अनिल कुमार लाठर और श्याम शुक्ला ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में पेश की गई रिपोर्ट से आयोग संतुष्ट हुआ, लेकिन सभी विभागों को चेतावनी दी गई कि सुरक्षा में कोई कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी को भी निर्देश दिए गए हैं कि रोड सेफ्टी और सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के बारे में बच्चों में जागरूकता अभियान चलाए जाएं ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।