Una, Rakesh
लगातार हो रही भारी बारिश से हिमाचल प्रदेश के ऊना में हालात बिगड़ गए हैं। ऊना-हमीरपुर नैशनल हाइवे पर लठियाणी से आगे बड़सर की ओर भारी लहासा गिरने से दोनों ओर से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क बंद होने से लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इसी बीच, जिले के मैदानी इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई गांवों में पानी घरों के अंदर घुस चुका है, जिससे लोगों का घर-बार और जरूरत का सामान सब डूब गया है। फसलें भी पानी में पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से कोई ठोस राहत नहीं मिली है। गुस्से में कुछ लोगों ने आत्मदाह तक की चेतावनी दे दी है।वहीं, जलभराव में फंसे लोगों को फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। ऊना के हरोट क्षेत्र में कई लिंक रोड धंसने और टूटने से गांवों का अन्य इलाकों से संपर्क कट गया है।भारी बारिश से नुकसान सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहा। यहां एक सोलर प्लांट को भी भारी क्षति पहुंची है। तेज बहाव और मिट्टी धंसने से कई सोलर पैनल टूटकर गिर गए, जिससे लाखों का नुकसान हुआ है।