हिसार | हिसार के कोथ कलां गांव में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार रात करीब 2 बजे लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एक पुराने मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त परिवार गहरी नींद में था। मलबे में दबने से 33 वर्षीय महिला रायशा की मौत हो गई, जबकि उसका पति आसीम और तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को मलबे से बाहर निकाला। घायलों को तुरंत जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने रायशा को मृत घोषित कर दिया, जबकि आसीम और बच्चे रफीना (11), आरिफ (9) और लजमा (6) का इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश और मकान की कमजोर छत इस दर्दनाक हादसे की वजह बनी। आसीम का परिवार बेहद गरीब है और मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। गांव के लोगों ने प्रशासन से तुरंत आर्थिक मदद और राहत की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है।