तेल अवीव। इजरायल और हमास के बीच जारी युद्ध और भी खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने साफ कहा है कि अगर हमास ने बंधकों को रिहा नहीं किया और हथियार नहीं डाले, तो गाजा में “जहन्नुम के दरवाजे खोल दिए जाएंगे।” काट्ज़ के मुताबिक, शर्तें न मानने पर हमास का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा।
गाजा पर कब्जे की ओर इजरायली सेना
टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली सेना (IDF) अब गाजा सिटी के 40% हिस्से पर नियंत्रण कर चुकी है। आने वाले दिनों में पूरा शहर कब्जे में लेने का दावा किया गया है।
शुक्रवार को आईडीएफ ने गाजा की एक ऊंची इमारत पर एयरस्ट्राइक की, जिसे हमास का ऑपरेशनल हब बताया गया। सेना के मुताबिक, इस इमारत के नीचे आतंकी सुरंग नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे थे।
हमास पर बढ़ता दबाव
इजरायल सरकार पहले ही गाजा पर कब्जे के लिए सैन्य अभियान को मंजूरी दे चुकी है। अब सेना का लक्ष्य है—
- हमास के सभी ठिकानों को ध्वस्त करना
- गाजा को पूरी तरह अपने नियंत्रण में लेना
गाजा में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। इजरायल साफ कर चुका है कि जब तक उसकी शर्तें पूरी नहीं होतीं, तब तक बमबारी और जमीनी हमले जारी रहेंगे।