चरखी दादरी। गांव मैहड़ा के रहने वाले और नेशनल लेवल शूटिंग खिलाड़ी 24 वर्षीय विशाल की सोमवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई नृपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों खेत से बाइक पर घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मैहड़ा और बिरही कलां के बीच माइनर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल नृपेंद्र को पहले दादरी सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही झोझू कलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मृतक के पिता कुलदीप सिंह के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारण और आरोपी वाहन की पहचान में जुटी हुई है।