नई दिल्ली। हैदराबाद के शाहपुर नगर स्थित एक निजी स्कूल में 4 साल की बच्ची के साथ हुई अमानवीय हरकत ने स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल की सफाई कर्मचारी लक्ष्मी ने कथित रूप से नर्सरी में पढ़ने वाली बच्ची को वॉशरूम में ले जाकर बुरी तरह पीटा। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुई वारदात?
पुलिस के अनुसार, बच्ची की मां उसी स्कूल में बस कंडक्टर के रूप में काम करती है। रविवार को स्कूल छूटने के बाद मां बच्चों को छोड़ने गई थी, जबकि बच्ची स्कूल में ही मां का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी लक्ष्मी उसे वॉशरूम में ले गई और फर्श पर पटककर पिटाई शुरू कर दी। फुटेज में लक्ष्मी को बच्ची को पैरों से रौंदते और उसका गला दबाने की कोशिश करते हुए भी देखा गया है।
नौकरी को लेकर था विवाद
जांच में सामने आया है कि लक्ष्मी और बच्ची की मां के बीच कुछ समय से नौकरी को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि लक्ष्मी को डर था कि बच्ची की मां उसकी नौकरी प्रभावित कर सकती है। इसी आपसी तनाव के चलते उसने बच्ची को निशाना बनाया।
घटना का खुलासा कैसे हुआ?
वॉशरूम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। स्कूल परिसर में मौजूद एक पड़ोसी ने भी मोबाइल में इस घटना का वीडियो कैद किया, जिसके बाद मामला सामने आया।
पुलिस कार्रवाई तेज
बच्ची की मां ने स्कूल स्टाफ के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लक्ष्मी को तुरंत हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, स्कूल में बच्चों के साथ हिंसा का यह पहला मामला है, लेकिन जांच के दौरान स्कूल की सुरक्षा प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की जाएगी।