लुधियाना | रमेश नगर इलाके में एक 5 वर्षीय बच्ची को अज्ञात युवक द्वारा उठाकर ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन मौके पर मौजूद पड़ोसियों की सतर्कता से आरोपी पकड़ लिया गया। घटना करीब शाम 7:30 बजे हुई, जब रमेश नगर निवासी रोहित वर्मा गली में टहल रहे थे और उन्होंने देखा कि बच्ची को उठाने की कोशिश की जा रही है।
रोहित वर्मा ने तुरंत युवक से पूछताछ की, लेकिन आरोपी भागने लगा। मोहल्ले के लोगों ने मिलकर उसे घेरकर पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
मौके पर पहुंची पी.सी.आर. टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाना टिब्बा पहुंचाया। थाना टिब्बा के एसएचओ अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है।
बच्ची के पिता विदेश में रहते हैं और वह अपनी मां के साथ रमेश नगर में रहती है। पुलिस परिवार के बयान दर्ज कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पड़ोसियों की सतर्कता ने बचाई बच्ची की जान
इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया और स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ कर सही समय पर पुलिस को सौंपा। पुलिस ने कहा कि अपहरण के मामलों की रोकथाम के लिए नागरिकों की सतर्कता बेहद महत्वपूर्ण है।