महेंद्रगढ़। नेशनल हाईवे नंबर-152डी पर गांव बुचावास के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राजस्थान जाट महासभा के प्रदेश महासचिव खेम सिंह चौधरी निवासी भरतपुर (राजस्थान), रमेशचंद मीणा निवासी विराटनगर और भागचंद मीणा के रूप में हुई है। तीनों एक ही कार में सवार होकर नेशनल हाईवे-152डी के रास्ते राजस्थान लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार गांव बुचावास के समीप पहुंची, पीछे से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। खेम सिंह चौधरी और रमेशचंद मीणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भागचंद मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से कनीना के उपनागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक स्थित पीजीआई रेफर किया गया। हालांकि, पीजीआई में इलाज के दौरान भागचंद मीणा ने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि तीनों बुधवार को संत रामपाल के आश्रम गए थे और देर रात वापस लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।