रेवाड़ी | रेवाड़ी के मोहनपुर गांव के पास मंगलवार दोपहर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्कूल बस और कार की आमने-सामने टक्कर में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बस में सवार कुछ बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन सभी की स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान जेतड़वास निवासी 25 वर्षीय जितेंद्र और सचिन के रूप में हुई है। दोनों युवक कार में सवार अपने गांव लौट रहे थे। वहीं, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को छोड़ने के लिए जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बावल थाना पुलिस को हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत घटनास्थल पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।