चरखी दादरी | इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने मंगलवार को चरखी दादरी में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस और जजपा पर तीखे आरोप लगाए। चौटाला ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा में मौन साधे रहती है, जबकि जजपा नेता केवल परिवार से जुड़ी टिप्पणियों में व्यस्त रहते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए चौटाला ने कहा कि तानू और सानू जैसी बातें करने वाले नेता अपनी जिम्मेदारी से दूर रहते हैं। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सीएम होने के नाते उन्हें सरकार को घेरना चाहिए था, लेकिन वे शेरो-शायरी में ही समय गंवा रहे हैं। चौटाला ने कहा कि प्रदेश में वास्तविक विपक्ष की भूमिका फिलहाल इनेलो ही निभा रहा है।
इनेलो विधायक ने भाजपा सरकार पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों के कारण हरियाणा में बेरोजगारी बढ़ी है और युवा प्रदेश छोड़ने को मजबूर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जजपा वाले राजनीति करने के बजाय विवादित बयानबाजी करके केवल इनेलो पर हमला कर अपनी राजनीतिक छवि चमकाने में लगे हैं।
चौटाला की इस प्रेसवार्ता में कार्यकर्ताओं की बैठक भी शामिल थी, जिसमें उन्होंने आगामी राजनीतिक रणनीति और प्रदेश में विपक्ष की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।