Summer Express,मंडी | कोटली उपमंडल के सुराडी ग्राम पंचायत के रोपड़ू गांव में हाल ही में हुई लगातार बारिश और पहाड़ी कटिंग के कारण एक भयंकर लैंडस्लाइड हुआ। इस घटना ने पूरे गांव में भय का माहौल पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया पर इस लैंडस्लाइड का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। लैंडस्लाइड की चपेट में गांव की एक गौशाला पूरी तरह जमींदोज हो गई, लेकिन अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, पहाड़ी पर अभी भी बड़ी चट्टानें और भारी मलबा असुरक्षित स्थिति में अटका हुआ है, जो किसी भी समय नीचे गिर सकता है और गांव के लिए खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस आपदा की मुख्य वजह हाईवे निर्माण कंपनी द्वारा पहाड़ी की कटिंग है। उन्होंने बताया कि पहले भी इस स्थान पर लैंडस्लाइड हो चुका था, जिसके बाद कंपनी ने उस विशेष जगह पर कटिंग रोक दी थी, लेकिन इसके आगे और पीछे कटिंग का काम लगातार जारी था। क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हुई, जिससे मिट्टी नरम हो गई और कटिंग की वजह से पहाड़ी कमजोर हो गई। इस कारण यह पहाड़ी एक बड़े लैंडस्लाइड के रूप में नीचे खिसक गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम कोटली जगदीश चंद्र और सुराडी पंचायत की पूर्व प्रधान पूजा देवी मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। खतरे को देखते हुए नौ घरों को खाली करवा दिया गया और बेघर हुए परिवारों के लिए सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था पंचायत घर में कर दी गई। पूजा देवी ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि हाईवे निर्माण कंपनी को पहाड़ी कटिंग के लिए सही और वैज्ञानिक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को इस तरह की समस्याओं और जानमाल के खतरे का सामना न करना पड़े।
एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि लैंडस्लाइड के कारण सड़क पर गिरे भारी मलबे और बोल्डर को हटाने के लिए पोकलेन मशीनों का उपयोग किया जाएगा। प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और लोगों से प्रभावित क्षेत्र की ओर न जाने की अपील की गई है।