Summer Express,कांगड़ा | हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के लंबागांव क्षेत्र के कुटाहण गांव में घरेलू विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान सन्नी कुमार निवासी लंबागांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार को वह अपनी पत्नी काल्टी देवी को झाड़-फूंक के लिए कहीं लेकर गया था। देर रात करीब 12 बजे वह पत्नी के साथ अपने भाई के घर कुटाहण पहुंचा। तड़के लगभग साढ़े चार बजे आरोपी ने अचानक अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय आरोपी का भाई दूसरे कमरे में सो रहा था और वारदात की जानकारी मिलते ही उसने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात घरेलू विवाद से जुड़ी हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतका अपने पीछे दो छोटे बेटे और एक बेटी को छोड़ गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से बीड़ बैजनाथ का रहने वाला है, लेकिन उसका परिवार लंबे समय से लंबागांव में रह रहा था। पुलिस अधीक्षक अशोक रतन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।