Summer Express,कुरुक्षेत्र। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में एक बीटेक छात्र द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। छात्र ने हॉस्टल नंबर-8 के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान पवन कुमार निवासी मेवात के रूप में हुई है, जो बीटेक इलेक्ट्रिकल के पांचवें सेमेस्टर का छात्र था।
जानकारी के अनुसार, पवन कुमार हॉस्टल के ब्लॉक-सी के कमरा नंबर 452 में रह रहा था और शाम से अपने कमरे में ही मौजूद था। देर रात जब उसके दोस्तों ने उसे फंदे से लटका देखा तो तुरंत हॉस्टल सिक्योरिटी को सूचना दी गई। इसके बाद मामले की जानकारी थर्ड गेट चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में छात्र के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ, हालांकि एक नोटबुक मिली है जिसमें कर्ज से संबंधित कुछ लिखा होने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एनआईटी के निदेशक सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। आसपास के छात्रों से भी पूछताछ की गई, लेकिन अभी तक आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।