Summer express, अंबाला, अंकुर कपूर। हरियाणा में मानसून की दस्तक के बावजूद अंबाला जिले के अधिकांश इलाकों में पर्याप्त बारिश नहीं होने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। बारिश की कमी के कारण जहां किसानों को खेतों में रोपाई करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बिहार से रोजगार की तलाश में आए मजदूरों की आजीविका पर भी असर पड़ने लगा है।
किसानों का कहना है कि जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश जरूर हुई है, लेकिन अधिकांश इलाकों में अब भी अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है। ऐसे में किसान ट्यूबवेल और नहरी पानी के सहारे धान की रोपाई कर रहे हैं, लेकिन यह पानी पर्याप्त साबित नहीं हो रहा।
धान की रोपाई में लगे मजदूरों के अनुसार, तेज गर्मी और उमस के कारण काम करना मुश्किल हो गया है। सामान्य दिनों में मजदूर जहां 5 से 6 एकड़ तक धान की रोपाई कर लेते थे, वहीं अब पानी की कमी और मौसम की मार के चलते वे केवल 2 से 3 एकड़ तक ही काम कर पा रहे हैं। इससे उनकी आमदनी भी प्रभावित हो रही है।
बिहार से आए मजदूर मुहम्मद अजीज ने बताया कि बारिश नहीं होने से खेतों में काम कम हो गया है और गर्मी के कारण मजदूरी करना भी बेहद कठिन हो रहा है। वहीं किसान कुलवंत सिंह और गुरदीप ने कहा कि पिछले वर्ष इस समय तक अच्छी बारिश हो चुकी थी, जिससे रोपाई का काम तेजी से चल रहा था, लेकिन इस बार बारिश की कमी के कारण काम धीमा पड़ गया है।
किसानों ने उम्मीद जताई है कि मौसम विभाग द्वारा अगले एक-दो दिनों में जताई गई बारिश की संभावना सही साबित होती है तो धान की रोपाई में तेजी आएगी और किसानों के साथ-साथ मजदूरों को भी राहत मिलेगी।