Summer express, अनिल मंगला, फरीदाबाद। सूरजकुंड मेला परिसर में हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित तीसरे दिवाली मेले में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मेले के शुभारंभ के बाद शनिवार सुबह से ही एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग परिवार सहित पहुंचने लगे। दर्शकों ने जहां मेले की सजावट और व्यवस्थाओं की सराहना की, वहीं विभिन्न स्टॉलों पर जमकर खरीदारी भी की। मेले में बनाया गया कमल के फूल का सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
मेले में पहुंच रहे लोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के साथ खरीदारी और मनोरंजन में भी समय बिता रहे हैं। चौपाल पर कलाकारों की प्रस्तुतियां दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। वहीं, बंजारी की नगाड़ा पार्टी की धुन पर युवा जमकर नाचते और झूमते नजर आए। नगाड़े की गूंज से मेला परिसर में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
नोएडा से परिवार के साथ मेले में पहुंचीं सुमन ने बताया कि वह हर साल अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में आती हैं, लेकिन इस बार पहली बार दिवाली मेले में पहुंची हैं। उन्होंने मेले की सुंदरता और व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। वह परिवार के साथ घूमने के अलावा खरीदारी का भी आनंद लेंगी। अन्य दर्शकों ने भी मेले की सजावट और आयोजन की सराहना की।
मेले की चौपाल पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम दर्शकों के मनोरंजन का खास माध्यम बने हुए हैं। बंजारी नगाड़ा पार्टी की प्रस्तुति विशेष रूप से युवाओं को आकर्षित कर रही है। नगाड़े की धुन सुनते ही युवा खुद को थिरकने से रोक नहीं पा रहे हैं और समूह में नाचते-गाते नजर आ रहे हैं।
नगाड़ा पार्टी के कलाकार ने बताया कि उनका संबंध ब्रज क्षेत्र से है। वे ब्रज की होली और रसिया गायन के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। कलाकार के अनुसार, उनकी प्रस्तुतियां लगातार चार दिन तक जारी रहेंगी। दिवाली मेले में बढ़ती भीड़, सांस्कृतिक गतिविधियों और खरीदारी के उत्साह से पूरे परिसर में रौनक बनी हुई है।