स्मैक मामले में शक के चलते युवक पर चाकू से हमला, परिजनों से भी मारपीट

Karuna
2 Min Read
Summer Express - स्मैक मामले में शक के चलते युवक पर चाकू से हमला, परिजनों से भी मारपीट

Summer express, यमुनानगर। शहर यमुनानगर थाना क्षेत्र में स्मैक बेचने के आरोप में पकड़े गए एक व्यक्ति को पकड़वाने के शक के चलते पुराना हमीदा निवासी युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। बीच-बचाव करने आए परिजनों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुराना हमीदा निवासी विक्रांत बग्गा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सरस्वती शुगर मिल में कार्यरत है। उसके घर से कुछ दूरी पर आशिफ उर्फ पाची और साहिल रहते हैं। करीब छह माह पहले आशिफ के भांजे को पुलिस ने स्मैक बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि इसी मामले में विक्रांत पर शक करते हुए आशिफ उससे रंजिश रखने लगा।

शिकायत के अनुसार, विक्रांत घर से काम के लिए निकला था, तभी रास्ते में आशिफ ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। विक्रांत ने बचाव के लिए हाथ आगे किए, लेकिन इस दौरान उसके दोनों हाथों पर चोटें आईं।

घटना के दौरान शोर सुनकर विक्रांत के परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। इसी बीच आशिफ का साथी साहिल भी मौके पर पहुंच गया और उसने भी मारपीट में भाग लिया। बाद में दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *