हमीरपुर में 4 जैक राइफल फतेह शिवजी का पुनर्मिलन समारोह आयोजित, पूर्व सैनिकों ने साझा की पुरानी यादें

Karuna
2 Min Read
Summer Express - हमीरपुर में 4 जैक राइफल फतेह शिवजी का पुनर्मिलन समारोह आयोजित, पूर्व सैनिकों ने साझा की पुरानी यादें

Summer Express हमीरपुर  | हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बडू स्थित एक निजी पैलेस में 4 जैक राइफल फतेह शिवजी परिवार “मेरी पलटन, मेरा अभियान” के तहत दूसरा पुनर्मिलन समारोह बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से 4 जैक राइफल के पूर्व सैनिकों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में हमीरपुर सदर विधायक आशीष शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि 4 जैक राइफल के सूबेदार मेजर रूप सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पूर्व सैनिकों ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित भी किया।

इस मौके पर विधायक आशीष शर्मा ने पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि उन्हें ऐसे वीर सैनिकों के बीच आने का अवसर मिला, जिन्होंने अपना जीवन देश सेवा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुभव और त्याग समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने अपने सेवा काल की पुरानी यादों को एक-दूसरे के साथ साझा किया, जिससे माहौल भावनात्मक और यादगार बन गया।

इस अवसर पर सूबेदार गोपाल सकलानी, कैप्टन पटियाल, कैप्टन मेघ सिंह, हवलदार ओंकार राणा, हवलदार बलबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। समारोह में देशभक्ति और भाईचारे का विशेष माहौल देखने को मिला।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *